दुद्धी सोनभद्र। थाना बभनी क्षेत्र के कोंगा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते ससुराल पक्ष द्वारा एक दामाद को पहले ज़हर खिलाने और उसके बाद पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर अवस्था में पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित के पिता ईद मोहम्मद निवासी अमवार पुनर्वास कॉलोनी ने बताया कि उनका मध्य पुत्र 30 वर्षीय जलील अंसारी छत्तीसगढ़ रायपुर में रहकर मजदूरी करता है। उसकी शादी झारखंड के रारो गांव में हुई है। पिता ने बताया कि उनके कुल छह संतानें हैं जिसमें दो पुत्रियां और चार पुत्र शामिल है । इनमें तीन पुत्र और उनकी पत्नियां धनखोर कोंगा, बभनी में रहते हैं। जलील दूसरे नंबर का बेटा है।
बताया गया कि जलील और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी का किसी अन्य युवक से प्रेम प्रकरण भी है, जिसे लेकर कई बार विवाद हुआ। पूर्व में बभनी पुलिस की मध्यस्थता में दोनों पक्षों का समझौता भी कराया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।
पीड़ित पिता के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जलील घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसकी पत्नी, ससुर, सास, साला समेत अन्य दो लोग पहुंचे और पहले उसे ज़हर खिलाया। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने का प्रयास किया गया। उसी समय घर में मौजूद दूसरी बहू ने परिजनों को घटना की सूचना दी। जब तक लोग घटनास्थल पर पहुंचे, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
गंभीर रूप से घायल जलील को एंबुलेंस न मिलने पर परिजन तत्काल बाइक से दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर चले। रास्ते में खजूरी गांव के समीप ठेमा नदी के पास एंबुलेंस मिलने पर करीब आठ बजे उसे सीएचसी दुद्धी पहुँचाया गया।
सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. सुनील ने बताया कि युवक की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह