दुद्धी सोनभद्र। नवरात्रि व आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर में पुलिस ने पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया। शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर में फ्लैग मार्च निकाला।
मार्च महिला थाना परिसर से शुरू होकर तहसील तिराहा, म्योरपुर तिराहा होते हुए डीआर पैलेस तक पहुँचा और वहां से माँ काली मंदिर तिराहा होते हुए पुनः महिला थाना परिसर पर समाप्त हुआ। इस दौरान सीओ ने राहगीरों व व्यापारियों से संवाद कर शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों में किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था और बाजार में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना में भाग ले सकें।
मार्च के उपरांत पुलिस अधिकारियों ने नगर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह