✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी
तिलक हायर सेकण्डरी स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित छात्रों को विभिन्न कानूनों एवं करियर संबंधी दी गई जानकारी
कटनी – मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जितेन्द्र कुमार शर्मा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कटनी के मार्गदर्शन में तिलक हायर सेकण्डरी स्कूल, कटनी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सुमित शर्मा, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खण्ड, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी की गरिमामयी उपस्थिति रहीं।इस अवसर पर विद्यार्थियों को विविध विधिक विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही अपने संबोधन में बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता अधिनियम के तहत मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। शिविर में विद्यार्थियों को बताया गया कि वंचित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को न्याय पाने के अधिकार के तहत निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करायी जाती है, जिससे समाज के प्रत्येक व्यक्ति को कानून का संरक्षण मिल सके। विधि को एक प्रभावशाली करियर विकल्प के रूप में अपनाने हेतु विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया एवं पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के विषय में अवगत कराया गया। साथ ही बच्चों की सुरक्षा हेतु जागरूक रहने की बात कही गई। साथ ही मोबाइल फोन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित एवं सतर्क उपयोग के लिए बच्चों को सचेत करते हुये यह सलाह दी कि वे 18 वर्ष से कम आयु में मोटरसाइकिल का संचालन न करें, क्योंकि यह कानून विरुद्ध है एवं सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक है।
जिला विधिक सहायता अधिकारी हर्षित बिसेन ने विद्यार्थियों को संविधान के मुख्य प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य एवं राज्य के नीति निर्देशक तत्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार एवं कर्तव्य प्रदान करता है तथा इनका पालन राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक समरसता के लिए आवश्यक है।
शिविर में आराधना तिवारी पैरालीगल वालेंटियर एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया और विषय-वस्तु पर प्रश्न पूछकर जागरूकता प्राप्त की। विद्यालय प्रबंधन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को न केवल अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं बल्कि उन्हें अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी करते हैं।