विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश संकल्प 2047 जनसंवाद में शामिल हुए चेयरमैन अरविन्द संगल
शामली, 29 सितम्बर।
नगर पालिका परिषद् शामली के सभागार में आज “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत–आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश शताब्दी संकल्प–2047” विषय पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चेयरमैन अरविन्द संगल ने सभासदों के साथ प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के महापौरों, चेयरमैनों व सभासदों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” केवल सरकार का सपना नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का साझा लक्ष्य है। सरकार की योजनाओं को जनता की सक्रिय भागीदारी ही सफलता दिलाती है।
सीएम योगी ने “मिशन शक्ति–5.0” और “विजन डॉक्यूमेंट 2047” के तीन प्रमुख थीम अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति व जीवन शक्ति पर बल दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 12 प्रमुख सेक्टरों में समग्र विकास के जरिए हर नागरिक को घर, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्योग, कृषि और सेवा क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपरा और आधुनिकता का संतुलित विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने किया। इस अवसर पर सभासद रोबिन गर्ग, तोहिद रहमानी, विनोद तोमर, रामनिवास सैनी सहित नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला रिपोर्ट तल्हा मिर्जा
शामली