उरई(जालौन):
मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिया प्रशिक्षण:
बीएलओ व सुपरवाइजरों को घर-घर जाकर सत्यापन करने के निर्देश:
राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र की नींव है। यदि सूची सटीक और त्रुटिरहित होगी तो चुनाव पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सुपरवाइजर और बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करें। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़ना चाहिए और अपात्र नाम समय से हटाए जाने चाहिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि मतदाता नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन/स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 का प्रयोग किया जाए। साथ ही आमजन को इन प्रपत्रों और निर्वाचन आयोग की ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि लोग आसानी से आवेदन कर सकें। प्रशिक्षण में अधिकारियों को फील्ड सत्यापन, पर्यवेक्षण व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की विस्तृत जानकारी दी गई। डीएम ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर पात्र मतदाता का नाम सूची में होना आवश्यक है और इस दिशा में सभी को जिम्मेदारी और टीम भावना से काम करना होगा। इस अवसर पर उप निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश