दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में रविवार सुबह उस समय कोहराम मच गया, जब दो दिन से लापता महिला का शव धान के खेत में दुर्गंधयुक्त अवस्था में बरामद हुआ। खेत से उठती तेज दुर्गंध ने आसपास के लोगों को चौंका दिया। मौके पर देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जाबर गांव निवासी राजकुमारी (20) पत्नी अमिताभ बीते 2 अक्टूबर (विजयादशमी के दिन) किसी कार्य से घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवारजन दो दिनों तक खोजबीन करते रहे, पर कोई सुराग नहीं लगा। अंततः परिजनों ने शनिवार को कोतवाली दुद्धी में उसकी गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने एनएच 39 मार्ग के पास जाबर खाड़ी के समीप स्थित धान के खेत में महिला का शव देखा, जिसकी पहचान राजकुमारी के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की। शव की हालत देखकर प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की मौत दो दिन पूर्व हुई होगी।
फिलहाल,पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी,विवेक सिंह