नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति के द्वारा लॉटरी ड्रॉ संपन्न, प्रथम पुरस्कार स्कूटी वरुण कुमार को प्राप्त हुआ
माता रानी के जयकारों के बीच हुआ लॉटरी ड्रॉ, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
हजारीबाग: शहर के सबसे चर्चित महासमितियों में से एक बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति के द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूजा पंडाल के समीप लॉटरी ड्रॉ का आयोजन बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महासमिति के वरिष्ठ पदाधिकारी निशिकांत सिन्हा एवं विनोबा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार सह समाजसेवी बंशीधर रुखैयर शामिल हुए। इस अवसर पर महासमिति के अध्यक्ष प्रमोद यादव,सचिव दीप नारायण निषाद सहित कोर कमेटी के सदस्य एवं कई पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। महासमिति के अध्यक्ष एवं सचिव के द्वारा अतिथियों को माला पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। साथ ही महासमिति के पदाधिकारियों ने एक-दूसरे का स्वागत कर कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी के जयकारों के बीच विधिवत रूप से की। कार्यक्रम का मंच संचालन पवन खंडेलवाल ने किया। इस अवसर पर महासमिति के अध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की पहचान केवल पूजा आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि हम समाज के हर वर्ग को जोड़ने और एकजुट करने का कार्य करते हैं। लॉटरी ड्रॉ जैसे आयोजन के माध्यम से हम श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार करते हैं और सामुदायिक सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। महासमिति अपने वचनों पर हमेशा खरी उतरती आई है और आने वाले समय में भी ऐसे जनहितकारी आयोजन निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि महासमिति पिछले पांच वर्षों से लगातार लकी ड्रॉ का आयोजन कर रही है और हर बार अपने निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम का सफल आयोजन करती रही है। यह कार्यक्रम हमारे सामूहिक प्रयासों और एकजुटता का परिणाम है। वहीं महासमिति के सचिव दीप नारायण निषाद ने कहा कि इस बार के लॉटरी ड्रॉ में लोगों का अपार सहयोग और समर्थन मिला, जिसके लिए महासमिति की पूरी टीम साधुवाद की पात्र है। महासमिति का उद्देश्य केवल पूजा का आयोजन करना नहीं है, बल्कि समाज सेवा और सामुदायिक विकास की दिशा में भी योगदान देना है। हमारा प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और जरूरतमंदों की मदद करना है। महासमिति के सभी सदस्यों ने जिस निष्ठा और पारदर्शिता के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन को संपन्न किया, वह काबिले तारीफ है। लॉटरी ड्रॉ में चार बॉक्स के माध्यम से लॉटरी के नंबर निकाले गए,जिसमें बच्चे,महिलाएं, छात्र-छात्राएं एवं दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ड्रॉ के दौरान बाजार में जो टिकट की संख्या उपलब्ध नहीं हो सकी, उसे दोबारा किया गया ताकि पारदर्शिता बनी रहे। पूजा के दौरान विभिन्न प्रभारियों को नियुक्त किया गया था, जिन्हें इस अवसर पर सम्मानित किया गया। ड्रॉ के परिणाम में प्रथम पुरस्कार कूपन संख्या 1829 नूरा निवासी वरुण कुमार को स्कूटी प्राप्त हुआ। द्वितीय पुरस्कार स्कूटी का कूपन संख्या 3060 को प्राप्त हुआ, तृतीय पुरस्कार स्कूटी कूपन संख्या 3524 को प्राप्त हुआ, चतुर्थ पुरस्कार टीवी कूपन संख्या 1469 को प्राप्त हुआ, पांचवा पुरस्कार कूपन संख्या 1176 को मिला, वहीं छठवां पुरस्कार सोफा सेट कूपन संख्या 0494 राजू राम बंशीलाल चौक निवासी को प्राप्त हुआ,सातवां पुरस्कार ओटीजी कूपन संख्या 2286 को प्राप्त हुआ। इसके अलावा 20 व्यक्तियों को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप इंडक्शन चूल्हा एवं केतली प्रदान की गई। मुख्य अतिथि निशिकांत सिन्हा एवं विशिष्ट अतिथि बंशीधर रुखैयर ने संयुक्त रूप से कहा कि यह आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाने का एक शानदार उदाहरण है। दुर्गा पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है जो हमें समाज सेवा और एकता का संदेश देती है। महासमिति द्वारा किए गए कार्य सराहनीय और प्रेरणादायी हैं तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन समाज के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे। पूरे आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और वातावरण माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा। लॉटरी ड्रॉ का यह आयोजन श्रद्धा,उत्साह और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ, जिसने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति न केवल भव्य पूजा आयोजन में अग्रणी है, बल्कि समाज को एकजुट करने और सेवा के भाव को जीवंत रखने में भी अपनी विशेष पहचान रखती है। इस मौके पर अध्यक्ष प्रमोद यादव,सचिव दीप नारायण निषाद,दिलीप जायसवाल, शिवशंकर गुप्ता, बालगोविंद निषाद, लखन निषाद,नरेश निषाद,प्रदीप जैन,पवन खण्डेलवाल, गुड्डन सोनकर,प्रमोद खण्डेलवाल, राजेश सिन्हा,दिलीप सोनी,लक्ष्मण निषाद, आशुतोष चौधरी,रितेश खण्डेलवाल,मनोज गुप्ता, पंकज कसेरा,उमेश यादव,अनिल मद्धेशिया सहित कई लोग मौजूद रहें।