दुद्धी सोनभद्र। ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में देश के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की हालिया घटना की तीव्र निंदा करते हुए इसे संवैधानिक मूल्यों पर सीधा हमला करार दिया गया।
अधिवक्ताओं ने अपने पत्र में लिखा कि यह विरोध दर्ज करने का तरीका नहीं बल्कि राष्ट्र की संस्थाओं को कमजोर करने और समाज में अराजकता फैलाने की कोशिश है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे बांटने वाले और अपमानजनक कार्यों को ठुकराया जाए। ज्ञापन में घटना की जांच कराने, जूता फेंकने वाले अधिवक्ता पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून एन० एस० ए० लगाने और तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही केंद्र सरकार से मुख्य न्यायाधीश माननीय बी. आर. गवई को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने एवं असहिष्णुता फैलाने वाले संगठनों से सख्ती से निपटने की अपील की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता प्रेमचंद यादव, प्रभु सिंह कुशवाहा, आशीष गुप्ता, रामानुज, राकेश अग्रहरी, रामेश्वर राव, अंजनी यादव, अभिनव, सत्यनारायण गुप्ता सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह