दुद्धी (सोनभद्र)। महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और अधिकारों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी में शनिवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत साइकिल जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को प्रधानाचार्य डॉ रितिका श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय और महिला थाना प्रभारी सन्तु सरोज ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साइकिलों पर सवार छात्राएं हाथों में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां थामे ‘ महिलाओं की सुरक्षा, सबकी जिम्मेदारी ‘ जैसे नारे लगाते हुए नगर के मुख्य मार्गों से गुजरीं। रैली के दौरान छात्राओं ने लोगों को आत्मरक्षा, अधिकारों और सामाजिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर कॉलेज की शिक्षिकाएं अर्चना समयारा, अंजली, प्रीति सोनी, राधा, अंजली सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में शामिल पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए मिशन शक्ति के संदेश को सार्थक बनाने पर जोर दिया।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह