दुद्धी सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के धोरणा गांव निवासी रमाकांत (22) पुत्र जयकुमार ने गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया तथा ब्लेड से अपने गले पर वार कर लिया।
घटना के बाद युवक ने अपने जीजा मुरारी यादव को फोन कर बताया कि उसने सल्फास खा लिया है और गला काट लिया है। उस समय पिता जयकुमार, जो राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, घर पर मौजूद नहीं थे। दामाद से सूचना मिलते ही वे घर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खुलवाया तो रमाकांत को लहूलुहान अवस्था में देखकर स्तब्ध रह गए।
परिजनों ने तुरंत उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्साधिकारी डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि जब परिजन एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी तबियत और बिगड़ गई। चिकित्सक डॉ. आलम पुनः एंबुलेंस तक पहुंचे, लेकिन तब तक रमाकांत की सांसें थम चुकी थीं।
मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी एक बड़ी विवाहित बहन और दो छोटे भाई-बहन हैं। रमाकांत अविवाहित था तथा एक निजी कॉलेज में आईटीआई का छात्र था। कुछ समय पहले वह रेनुकूट हिंडालको में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था, परंतु इन दिनों घर पर ही रह रहा था।
घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना मेमो के माध्यम से दुद्धी कोतवाली पुलिस को दे दी है। युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। समाचार लिखे जाने तक शव सीएचसी परिसर में ही रखा गया था।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह