दुद्धी सोनभद्र। थाना क्षेत्र के नगवां गांव में रविवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही भतीजे की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या पुरानी रंजिश के तहत की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार नगवां निवासी जीत सिंह (21) पुत्र बच्चू सिंह घर के पास बैठकर मोबाइल चला रहा था, तभी उसका चाचा छटटू सिंह, जो बगल में ही रहता था, कुल्हाड़ी लेकर आया और जीत सिंह की गर्दन पर वार कर सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात के बाद मौके पर ही जीत सिंह की मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी होने पर दुद्धी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
मृतक के पिता बच्चू सिंह ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं जिनमें जीत सिंह दूसरा नंबर पर था जो अविवाहित था । उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई छटटू सिंह ने यह हत्या आपसी दुश्मनी के चलते की है। उनका कहना है कि लगभग एक वर्ष पूर्व छटटू सिंह का पुत्र दिनेश (18) की मृत्यु बाइक दुर्घटना में हो गई थी, लेकिन उसे यह भ्रम था कि उसके बेटे की दुर्घटना में जीत सिंह का हाथ है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छटटू सिंह का पुत्र स्व दिनेश आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के बाद आर्केस्ट्रा वाले लोगों को छोड़कर लौटते समय जामपानी-लीलासी रोड पर पेड़ से टकरा गया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। तब से ही छटटू सिंह अपने बेटे की मौत को लेकर सदमे में था। उसकी पत्नी भी मानसिक तनाव में रहने लगी और अक्सर बेटे को याद कर बेसुध होकर “बबुआ-बबुआ” पुकारती रहती थी। इसी मानसिक तनाव और अवसाद में छटटू सिंह ने अपने भतीजे की हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार राय अपनी टीम और फॉरेंसिक इकाई के साथ मौके पर पहुंचे और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
वहीं, आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय होकर दबिश दे रही हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह