दुद्धी सोनभद्र। शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि दुद्धी को जिला बनाए जाने की मांग कई दशकों से लगातार उठ रही है, मगर अब तक इसकी घोषणा नहीं की गई है। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अब तक 30 घंटे का आमरण अनशन, 20 किलोमीटर लंबी पदयात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन किए जा चुके हैं। उनका कहना है कि दुद्धी सभी प्रशासनिक मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को पर्याप्त राजस्व भी प्राप्त होता है, फिर भी उसे जिला घोषित नहीं किया जा रहा।
मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश के कई नेताओं व मंत्रियों ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि अब सरकार को अपने चुनावी वादे को निभाते हुए दुद्धी को जिला घोषित करना चाहिए, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास हो सके।
प्रदर्शन में दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेमचन्द्र यादव, सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रभु सिंह, रामपाल जौहरी, वरुणोदय जौहरी, उदय लाल मौर्य, ममता मौर्या, छोटे लाल गुप्ता, राकेश तिवारी, अशोक गुप्ता, उमेश चंद, सत्यनारायण यादव, राकेश गुप्ता, अमरावती देवी, संतोष अग्रहरि, दिलीप कुमार, कृष्णा कुमार, रजनीश सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं मोर्चा के सदस्य उपस्थित रहे।
कचहरी परिसर में जुलूस और नारेबाजी के दौरान पूरा माहौल आंदोलनी रंग में रंगा दिखाई दिया। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द ही उनकी मांग पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह