दुद्धी सोनभद्र।कस्बे के रामनगर रोड स्थित देव हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान हुई लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बीती 28 अक्टूबर की रात इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु दोनों की मौत हो गई। परिजनों के आरोप पर पुलिस ने अस्पताल के संचालक धर्मेंद्र पाल और उनकी पत्नी सीमा पाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बभनी निवासी नीरज कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी 22 वर्षीय सोनी कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर देर रात देव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि इलाज में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण प्रसव के दौरान ही महिला और अजन्मे बच्चे की जान चली गई।
घटना की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि देव हॉस्पिटल पहले भी नियमों के उल्लंघन और उपचार में लापरवाही को लेकर तीन बार सील हो चुका है, फिर भी कुछ समय पूर्व से उसका संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया था। अब एक और मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह