नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
झारखंड स्थापना दिवस 2025 के अवसर पर जिलेभर में ग्रामीण आवास योजनाओं से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन
हजारीबाग: झारखंड स्थापना दिवस के रजत पर्व के अवसर पर आज दिनांक 12 नवम्बर 2025 को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद के निदेशानुसार हजारीबाग जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामों में ग्रामीण आवास योजनाओं से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9:00 बजे संकल्प सभा से हुई, जिसमें ग्रामीणों एवं आवास योजना के लाभुकों ने यह संकल्प लिया कि उन्हें आवास निर्माण हेतु प्राप्त सहायता राशि का उपयोग समय-सीमा के भीतर एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पक्का घर निर्माण में करेंगे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, PM-JANMAN आवास योजना एवं बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर आवास योजना के स्वीकृत लाभुकों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, जिन लाभुकों के आवास निर्माण पूर्ण हो चुके थे, उनका गृहप्रवेश पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया। लाभुकों को सांकेतिक चाभी एवं पूजा सामग्री भी प्रदान की गई।
हजारीबाग जिले में आज के आयोजन के तहत कुल 1030 ग्रामों में संकल्प सभा आयोजित हुई, जिसमें 8429 लाभुक परिवारों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा 3949 परिवारों का गृहप्रवेश कराया गया।
पूरे कार्यक्रम का पर्यवेक्षण राज्य स्तरीय नामित नोडल पदाधिकारी, शिव संकल्प, ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार, रांची द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त किया और जिला प्रशासन की सराहना की।
झारखंड सरकार एवं ग्रामीण विकास विभाग का यह संकल्प है —
“सबका पक्का घर हो अपना”