नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
वीर महापुरुषों द्वारा देखे गए स्वाभिमानी झारखंड के सपने को करना होगा साकार : प्रदीप प्रसाद
जनजातीय गौरव दिवस पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने भगवान बिरसा मुंडा समेत वीर क्रांतिकारियों को दी श्रद्धांजलि
झारखंड की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश में बड़े उत्साह, सम्मान और भक्ति भाव से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शनिवार को हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने नीलाम्बर–पीताम्बर, सिद्धि–कान्हू और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित जनसमूह ने भी वीर महापुरुषों के अमर योगदान को नमन किया।
विधायक प्रसाद ने कहा कि झारखंड के जनजातीय वीरों ने अन्याय, दमन और अत्याचार के विरुद्ध जिस अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया, वह भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। स्वाभिमान की रक्षा, जंगल–जल–जमीन के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान इन्हीं महापुरुषों की तपस्या, बलिदान और संघर्ष से निर्मित हुई है, और इसे आगे बढ़ाने का दायित्व हम सबका है।
इस अवसर पर विधायक प्रसाद ने पूर्व प्रधानमंत्री परम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी की दूरदृष्टि और संवेदनशील नेतृत्व से झारखंड राज्य का गठन संभव हुआ था। विधायक प्रसाद ने कहा अटल जी के सपनों का समृद्ध, शिक्षित, विकसित और आत्मनिर्भर झारखंड बनाने के संकल्प के साथ हमें एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
विधायक ने यह भी कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण सिर्फ एक राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि एक लंबा, संघर्षपूर्ण और जनभावनाओं से प्रेरित आंदोलन था। आंदोलनकारियों ने जिस आत्मनिर्भर, समृद्ध और स्वाभिमानी झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए हमें एकजुट होकर विकास, सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में निरंतर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस को सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सामुदायिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बताया और सभी झारखंडवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा जनजातीय गौरव दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों के साहस, अस्मिता और संघर्ष की याद दिलाने वाला ऐतिहासिक अवसर है। हम सभी को मिलकर एक विकसित, समृद्ध और सम्मानित झारखंड बनाने के लिए संकल्पित होना होगा।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, प्रदेश कार्यकारी सदस्य सुदेश चन्द्रवंशी, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक यादव, टुन्नू गोप, शंकर लाल गुप्ता, भाजपा वरिष्ठ नेता केपी ओझा, जिला मंत्री कुणाल दुबे, जिला महामंत्री सुनील मेहता, महिला जिला अध्यक्ष साझी राणा, जिला महिला उपाध्यक्ष रेणुका साहु, भानुमति पासवान, जयनारायण कुशवाहा, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष इन्द्रनारायण कुशवाहा, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष महेन्द्र बिहारी, युवा जिलाध्यक्ष राजकरण, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मुनेश ठाकुर, कटकमसांडी विधायक प्रतिनिधि सुमन राय, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, अरुण राणा, कृष्णा मेहता, रणधीर पाण्डेय, विवेक वरियार, कटकमदाग मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता, उप प्रमुख विमल गुप्ता, प्रमेश्वर यादव, अमृत पासवान, राम अवतार शर्मा, बजरंगी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।