दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय बाजार से घर लौट रहे खोखा निवासी एक युवक को मंगलवार शाम अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार खोखा गांव निवासी आत्मा कुमार (21) पुत्र बंशीलाल मंगलवार शाम लगभग चार बजे दुद्धी बाजार से अपनी मां और छोटे भाई से मिलने के बाद घर लौट रहे थे। बताया गया कि जब वह टीसीडी मैदान के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पार कर दूसरी ओर वाहन पकड़ने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घायल की मां मौके पर पहुंचीं और अपने पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह