लाईनमैन की मौत: एसएसओ समेत तीन पर हत्या का मुकदमा दर्ज, विभाग में हड़कंप
मुजफ्फराबाद
छुटमलपुर: थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम मुज़फ्फराबाद में दो दिन पूर्व हुई लाइनमैन अहसान की मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब शटडाउन ले लिया गया था तो हाईटेंशन लाइन में करंट आखिर आया कैसे? इस गंभीर लापरवाही ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी छुटमलपुर में इसी प्रकार की घटना में लाइनमैन अरुण गंभीर रूप से झुलस गया था, जो आज भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। लगातार हो रही इन घटनाओं से विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर व्यापक चर्चा छिड़ गई है।
अहसान की मौत के मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मृतक के भाई उस्मान ने बिजलीघर में तैनात एसएसओ, ग्राम कंधेला के पूर्व प्रधान नेकीराम और मुख्य लाइनमैन पर साज़िशन हत्या कराने का आरोप लगाते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। परिजनों का आरोप है कि जानबूझकर शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट प्रवाहित किया गया, जिससे अहसान की मौत हुई। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जाँच शुरू कर दी है। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय लोग भी बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। परिजन कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़