इंडियन टीवी न्यूज़
जिला ब्यूरो चीफ
प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने ली प्रेस कॉन्फ्रेंस,प्रदेश सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों की दी जानकारी
सिवनी:प्रदेश शासन के राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के उपरांत प्रेस कॉन्फ्रेंस ली।उन्होंने विगत दो वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई उपलब्धियों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया विधायक दिनेश राय विधायक कमल मर्सकोले जिला भाजपा अध्यक्ष मीना बिसेन की भी उपस्थिति रही।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया है।उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।इसी प्रकार किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को नियमित रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने साइबर तहसील व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि इससे राजस्व संबंधी सेवाएं अब ऑनलाइन सरल एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध हो रही हैं जिससे आम नागरिकों को समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
प्रभारी मंत्री ने जिले में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज के प्रारंभ होने को जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।उन्होंने कहा कि इससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है तथा चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में 8 संदीपनि विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं जिनसे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।इसके साथ ही जिले में पेंशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा रोजगार सृजन उद्योगों की स्थापना नवीन औद्योगिक क्षेत्र के विकास पुल पुलिया एवं सड़क निर्माण सहित अन्य विकासात्मक कार्यों की भी जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इस दिशा में शासन-प्रशासन निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।