इंडिया टीवी ब्यूरो चीफ राजेश मौर्य कुशीनगर
कसया थाना क्षेत्र के डिघवा मोड़ के समीप शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रही एक छात्रा की गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कसया थाना क्षेत्र के डिघवा गांव निवासी जवाहिर प्रसाद की 15 वर्षीय बेटी रेनू किसान इंटर कॉलेज साखोपार में कक्षा सात की छात्रा थी। शनिवार को छुट्टी होने के बाद वह रोज की तरह साइकिल से अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह डिघवा गांव के मोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। छात्रा की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजन बेसुध हो गए। गांव में शोक का माहौल है।