सहारनपुर काष्ठनगरी जनपद सहारनपुर में 16 से 20 दिसंबर 2025 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता ‘कुराश’ पूरे उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ चल रही है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात डॉ. पूजा रानी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु कुमार सुमन ने मुख्य अतिथि का बाल वृक्ष, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में जे.बी.एस. हिन्दू कन्या इंटर कॉलेज, सहारनपुर की छात्राओं ने उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोकगीत कजरी पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं के.सी.सी.पी. आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने गढ़वाली नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति को जीवंत किया। आर्य कन्या खालापार इंटर कॉलेज, सहारनपुर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत बंगाली नृत्य ने भी दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इसके उपरांत खेल शिक्षक प्रवीण कुमार द्वारा मंच से विजयी खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की गई। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया इस अवसर पर मंच पर संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर राणा एस.के. सुमन, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय श्री हर्ष देव स्वामी सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने कहा कि कुराश खेल खिलाड़ियों को निष्पक्षता, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण की शिक्षा देता है।खेलों से आपसी सहयोग, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी एक-दूसरे की संस्कृति से सीखते हैं, जिससे देश की एकता और अखंडता सुदृढ़ होती है। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. करुणा कालरा द्वारा किया गया। “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ समारोह का समापन हुआ।प्रतियोगिता के चौथे दिन भी सभी टीमें पूरे जोश और उत्साह के साथ मैदान में उतरीं तथा शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के नाम प्रत्येक भार वर्ग के अनुसार अलग-अलग घोषित किए गए।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़