नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग पुलिस का बड़ा धमाका: एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ‘सेक्सटॉर्शन’ करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
हजारीबाग | हजारीबाग पुलिस ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नूतननगर से एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देश भर में लोगों को ठगने और ब्लैकमेल (Sextortion) करने वाले गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से 12 मोबाइल, 16 सिम कार्ड और कई बैंकों के डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं।
एस्कॉर्ट सर्विस के झांसे में फंसाकर करते थे ‘ब्लैकमेल’
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पता चला था कि यह गिरोह फर्जी वेबसाइटों पर विज्ञापन डालकर लोगों को एस्कॉर्ट सर्विस का प्रलोभन देता था। एक बार व्यक्ति के संपर्क करने पर ये डिजिटल माध्यमों (UPI) से पैसे ऐंठते थे और फिर आपत्तिजनक सामग्री के नाम पर उन्हें ब्लैकमेल (Sextortion) कर मोटी रकम वसूलते थे।
घेराबंदी कर दबोचे गए अपराधी
सदर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने नूतननगर में दबिश दी। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे चार संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ा गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान विवेक कुमार, बादल मंडल, दीपक मंडल और शेखर कुमार (सभी निवासी मासीपीढ़ी, बरकट्ठा, वर्तमान नूतननगर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले निम्नलिखित साक्ष्य बरामद किए हैं: मोबाइल फोन 12 पीस (जिसमें से एक ‘प्रतिबिंब’ ऐप में पहले से ही पंजीकृत है), सिम कार्ड: 16 पीस, डेबिट कार्ड: 12 पीस,पैन कार्ड: 05 पीस
पुलिस ने मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 207/25 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और IT Act की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
“साइबर अपराधी अब नए-नए तरीकों से लोगों को शिकार बना रहे हैं। एस्कॉर्ट सर्विस और सेक्सटॉर्शन जैसे अपराधों पर हमारी पैनी नजर है। यह कार्रवाई साइबर ठगों के लिए एक सख्त चेतावनी है। – अमित आनंद, सदर एसडीपीओ, हजारीबाग