जनपद बरेली। मीरगंज तहसील के ग्राम रहपुरा जागीर स्थित सरकारी भूमि पर फर्जी पट्टा बनवाकर वर्षों से अवैध कब्जा किए जाने और अब मुआवजा हड़पने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी के पूर्व चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता ने गाटा संख्या 2208 मि० की सरकारी भूमि का फर्जी पट्टा अपनी पत्नी गायत्री देवी के नाम बनवाया, जबकि इसका कोई वैध अभिलेख मौजूद नहीं है। बताया गया कि न्यायालय एसओसी बरेली द्वारा अपील संख्या 1011/2005 में 26 नवंबर 2005 को उक्त भूमि को ग्राम सभा के खाते में दर्ज करने का आदेश पारित किया गया था।
इसके बाद न्यायालय डीडीसी बरेली ने 24 मार्च 2006 को दोनों पक्षों को सुनने के उपरांत गायत्री देवी का मुकदमा निरस्त करते हुए भूमि को नवीन परती में दर्ज करने के आदेश दिए। आरोप है कि इसके बावजूद पूर्व चेयरमैन द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल कर वर्षों तक अवैध कब्जा बनाए रखा गया, जबकि आज तक कोई भी आदेश उनके पक्ष में नहीं हुआ है।
अब जब यह भूमि बरेली विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आ चुकी है, तो मुआवजा लेने की कोशिश की जा रही है। भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने मांग की है कि फर्जी पट्टेदार से भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त कराया जाए और किसी भी स्थिति में मुआवजा न दिया जाए, ताकि सरकारी खजाने को नुकसान से बचाया जा सके। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की संभावना जताई जा रही है।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली