फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में सड़क निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड संख्या–04, मोहल्ला ठाकुर द्वारा के सभासद धर्मेन्द्र सिंह ने नगर पंचायत अध्यक्ष पर पहले से ठीक-ठाक हालत में मौजूद सड़क पर लगभग 28 लाख रुपये की लागत से दोबारा सीसी रोड निर्माण कराने का प्रस्ताव देने का आरोप लगाया है।
सभासद धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि रामपुर रोड से अफजाल के मकान तक जिस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया है, वह सड़क पहले से ही पूरी तरह सही और उपयोग योग्य है। ऐसे में वहां दोबारा निर्माण कराना न केवल अनावश्यक है, बल्कि सरकारी धन के दुरुपयोग जैसा भी प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के कई अन्य वार्डों में सड़कों की हालत बेहद खराब है। वहां की छोटी-छोटी सड़कें जर्जर अवस्था में हैं, जिनका निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना चाहिए। इसके बावजूद अच्छी स्थिति वाली सड़क पर भारी भरकम बजट खर्च करने का प्रस्ताव जनहित के विपरीत है।
सभासद ने इस पूरे मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए मांग की है कि उक्त 28 लाख रुपये की सीसी रोड योजना को तत्काल निरस्त किया जाए और इस धनराशि का उपयोग वास्तव में जरूरतमंद वार्डों में विकास कार्यों के लिए किया जाए।
मामले के सामने आने के बाद नगर पंचायत में चर्चा का माहौल है और अब सभी की निगाहें प्रशासन के निर्णय पर टिकी हुई हैं।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली