भुजरिया तालाब मंदिर परिसर से चोरी का गुना कोतवाली पुलिस ने मात्र तीन दिन में किया सफल खुलासा
शातिर आरोपी गिरफ्तार, अंगूठी व नकदी सहित 1.67 लाख रुपये की बरामदगी
गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के संवेदनशील, सशक्त एवं कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मागदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी.एस. चौहान और उनकी टीम द्वारा भुजरिया तालाब लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर से हुई चोरी की घटना का त्वरित एवं सफल खुलासा कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 11 जनवरी 2026 को फरियादी राघवेन्द्र दास गुरु ईश्वर दास महाराज उम्र 45 वर्ष निवासी लक्ष्मीनारायण मंदिर, भुजरिया तालाब, गुना के द्वारा गुना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 10 जनवरी 2026 की मध्य रात्रि में अज्ञात चोर द्वारा मंदिर परिसर के पास बने कमरे से 1,75,000/-रूपये नगदी, सोने की एक अंगूठी एवं चांदी के बर्तन चोरी कर लिए गए हैं । इस रिपोर्ट पर से अज्ञात आरोपी के विरूद्ध गुना कोतवाली में अप.क्र. 19/26, धारा 305(डी), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी द्वारा मंदिर परिसर से चोरी की घटना को गंभीरता से लेकर चोरी के अज्ञात आरोपी की यथाशीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी एवं माल बरामदगी हेतु गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी.एस. चौहान के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर सक्रिय की गई । पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए अज्ञात आरोपी की पतारसी के सघन प्रयास किए गए और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया तथा सीसीटीवी फुटेज एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों की सहायता से सूचनाएं एकत्रित की गईं । इसमें पुलिस के निरंतर सूचना संकलन एवं प्रभावी तकनीकी विश्लेषण के आधार पर शीघ्र ही चोरी में अज्ञात आरोपी की पहचान सुनिश्चत की जाकर जिसकी सरगर्मी से तलाश की गई और आज आरोपी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिलने पर गुना कोतवाली पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्यवाही करते हुए मात्र तीन दिन के भीतर ही आरोपी प्रकाश उर्फ राजस्थानी, पिता प्रीतम लाल कुशवाह उम्र 33 साल निवासी पुरानी छावनी थाना कोतवाली गुना को गिरफ्तार कर, जिसके कब्जे से प्रकरण में चोरी सोने की अंगूठी कीमती लगभग 65,000/-रूपये एवं नगदी 1,02,000/-रूपये सहित कुल 1,67,000/- रूपये का माल जप्त किया गया ।
गुना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी.एस. चौहान, उपनिरीक्षक चंचल तिवारी, प्रधान आरक्षक रमेश गुर्जर, प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक जितेन्द्र सिंह, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, महिला आरक्षक रश्मि सेन, सैनिक रंजीत समर एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
गुना पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा । श्रद्धा स्थलों की सुरक्षा एवं नागरिकों की संपत्ति की रक्षा के लिए गुना पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है । “अपराध पर प्रहार – सुरक्षा का संकल्प” इसी भावना के साथ गुना पुलिस आगे भी जिले में शांति, सुरक्षा और विश्वास की मिसाल कायम रखेगी
(. जिला गुना से व्यूरो चीफ गोलू सेन की रिपोर्ट.)