कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिरवा नंबर 02 में पशु क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। गाय के बछड़े को लाठी-डंडों से पीटने और उसे आग लगाने का प्रयास कर रहे युवकों को कैमोर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया और उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 दिसंबर की सुबह बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा कैमोर थाना पुलिस को एक वीडियो संदेश के माध्यम से सूचना दी गई। वीडियो में ग्राम खिरवा निवासी बाला चौधरी एवं बाबू सिंह द्वारा गाय के बछड़े के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उसे जलाने का प्रयास करते हुए देखा गया।
सूचना मिलते ही कैमोर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ग्रामीणों से पूछताछ में यह सामने आया कि गाय का बछड़ा बार-बार खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहा था, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इंडियन टीवी न्यूज़ से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट