गुना जिले की तहसील गुना के ग्राम म्याना एवं तहसील चाचौडा के ग्राम कालापीपल तथा तहसील आरोन के ग्राम बालापुर में रविवार 18 जनवरी 2026 को आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। मुनिंदर धर्मार्थ ट्रस्ट, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के तत्वावधान में संत रामपाल जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित एक दिवसीय विशाल सत्संग समागम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और तत्वज्ञान का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। मध्य प्रदेश के गुना और राजगढ़, शिवपुरी जिले व राजस्थान के जिला झालावाड़ जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सत्संग सुनने पहुंचे, जिससे आयोजन की व्यापकता और प्रभाव क्षेत्रीय सीमाओं से आगे तक दिखाई दिया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सत्संग का भव्य आयोजन किया गया, जिससे अंतिम पंक्ति में बैठे श्रद्धालु भी प्रवचनों को स्पष्ट रूप से सुन सके। सत्संग के दौरान यह संदेश प्रमुख रूप से दिया गया कि “रोटी, कपड़ा, शिक्षा और मकान—सबको देंगे कबीर भगवान”, जिसने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।
संत रामपाल जी महाराज ने अपने ओजस्वी प्रवचनों में बताया कि सच्चा सत्संग ही मानव जीवन का मूल उद्देश्य है और इसी के माध्यम से मोक्ष की प्राप्ति संभव है। उन्होंने विभिन्न धर्मों के पवित्र सद्ग्रंथों के प्रमाणों के साथ तत्वज्ञान की व्याख्या की तथा ब्रह्मा, विष्णु और महेश की वास्तविक स्थिति से श्रद्धालुओं को अवगत कराया। उनके प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन एवं सत्य मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
सत्संग के दौरान समाज सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला गया। नशामुक्ति, दहेज प्रथा का विरोध, नैतिक जीवन, पारिवारिक सद्भाव और मानव कल्याण जैसे विषयों पर संत रामपाल जी महाराज के संदेशों को उपस्थित श्रद्धालुओं ने गंभीरता से सुना और अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में निशुल्क नाम दीक्षा का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंत्र दीक्षा ग्रहण कर मर्यादित जीवन जीते हुए आजीवन भक्ति करने का प्रण लिया। श्रद्धालुओं ने न केवल संत रामपाल जी महाराज के विचारों को आत्मसात करने की बात कही, बल्कि उन्हें समाज में अधिक से अधिक फैलाने का भी संकल्प व्यक्त किया।
धर्मेन्द्रदास ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में जिला सेवादार कारण दास, तहसील सेवादार जगदीश दास, संतोष दास, चन्द्रप्रकाश दास सहित अनेक सेवादारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सेवादारों ने अनुशासन, सेवा और समर्पण भाव के साथ व्यवस्थाएं संभालीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह विशाल सत्संग समागम क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
……================
जिला गुना से व्यूरो चीफ गोलू सेन की रिपोर्ट