दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरनाकछार चरक पथली टोला (पथरी टोला) में बीते 16 जनवरी को 32 वर्षीय विवाहिता ललिता देवी पत्नी अमरेश पनिका का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। शुरू में इसे आत्महत्या समझा गया, लेकिन 9 वर्षीय बेटे अमित कुमार के सनसनीखेज बयान ने इसे क्रूर हत्या का मामला बना दिया। बच्चे ने आंखों देखा बयान दिया कि मां के प्रेमी बबलू उर्फ खरभूलन शर्मा ने मारपीट कर हत्या की।
मृतका तीन बच्चों के साथ अकेली थी, जबकि पति अमरेश मजदूरी के लिए अयोध्या गए हुए थे। बेटे के मुताबिक, 15 जनवरी की रात आरोपी घर आया और किसी बात को लेकर विवाद होने पर बेल्ट से पीटा। फिर उसे बाहर ले जाकर पेड़ पर लटका दिया। सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कर शव दुद्धी मॉर्चरी भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार, ललिता और खरभूलन के बीच छह माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा। घटना के बाद पति अमरेश लौटे तो बेटे ने पूरी वारदात बता दी। पति की तहरीर पर पुलिस ने छानबीन शुरू की। आज मंगलवार देर शाम विंढमगंज बस स्टैंड से आरोपी को भागते हुए मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया।पुलिस का गहन जांच जारी है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)