दुद्धी सोनभद्र।विकास खंड अंतर्गत के महुली में आयोजित 78वें श्री राजा बरियार शाह अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट के पांचवें दिन खेल प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में जरही छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रांची झारखंड को 2–0 से पराजित कर अगले चक्र में अपनी जगह पक्की की।
मैच शुरू होने से पहले क्लब के संरक्षक वीरेंद्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष विंढमगंज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद खेले गए मुकाबले में पहले हाफ में जरही छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण करते हुए दो गोल दागे और टीम को मजबूत बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में रांची झारखंड ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन जरही की सशक्त रक्षा पंक्ति के सामने उसके प्रयास विफल रहे। अंतिम सीटी तक दर्शक रोमांच से बंधे रहे।
दिन का दूसरा मुकाबला महुली ए और राबर्ट्सगंज के बीच खेला गया, जो पूरे समय दर्शकों की सांसें थामे रहा। मैच का शुभारंभ क्लब संरक्षक राजन चौधरी (सेवानिवृत्त जिला जज एवं भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य) ने किया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने तेज रफ्तार खेल दिखाया, लेकिन गोल का खाता नहीं खुल सका।
दूसरे हाफ के 15वें मिनट में महुली ए ने गोल कर बढ़त बना ली, लेकिन राबर्ट्सगंज ने 25वें मिनट में जवाबी गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1–1 की बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमों ने जबरदस्त संघर्ष दिखाया। पहले 5–5 पेनल्टी में स्कोर 3–3 रहा, फिर 1–1 पेनल्टी में भी बराबरी होने पर फैसला टल गया। अब यह रोमांचक मुकाबला 23 जनवरी को दोबारा खेला जाएगा।
मैच में रेफरी दीपक सिंह एवं दिलीप कुमार कन्नौजिया रहे, जबकि लाइंसमैन की भूमिका राजनाथ गोस्वामी, राजकपूर कन्नौजिया, विजेंद्र कुमार कन्नौजिया एवं राकेश कुमार कन्नौजिया ने निभाई।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कन्नौजिया, पंकज गोस्वामी, कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार कन्नौजिया, क्लामुद्दीन सिद्दीकी, सचिव कमलेश विश्वकर्मा, अमरेश कुमार कन्नौजिया, मुकेश कुमार कन्नौजिया सहित अन्य मौजूद रहे।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)