चित्रकूट में सनसनी, मासूम आयुष की हत्या के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन!
चित्रकूट (उत्तर प्रदेश): धर्मनगरी चित्रकूट से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बरगढ़ थाना क्षेत्र से अगवा किए गए नाबालिग मासूम आयुष केशरवानी की अपहरणकर्ताओं ने निर्मम हत्या कर दी है। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और मातम का माहौल है। हालांकि, यूपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों को घेरा, जिसमें एक किडनैपर एनकाउंटर में ढेर हो गया है। आयुष केशरवानी का अपहरण फिरौती के लिए किया गया था। पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही थीं। लेकिन पकड़े जाने के डर से और पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच पत्थर दिल अपहरणकर्ताओं ने मासूम आयुष की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया।
मासूम की हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी। बरगढ़ थाना क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हुआ:
पुलिस की जवाबी फायरिंग में अपहरण की साजिश में शामिल एक बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया।
मुठभेड़ के दौरान दूसरे बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। घायल बदमाश को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मासूम आयुष की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरक्षा के मद्देनजर बरगढ़ इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस गैंग में और भी लोग शामिल थे।
ब्यूरो चीफ ताहिर अली बांदा से