आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेता जी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की, सभा में तिरंगा बैज बांटे गए
डबवाली( अजय कुमार अमलोह)
‘तुम मुझे खून दो, मै तुम्हे आजादी दूंगा’ का नारा देकर भारतीयों को स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल करने वाले आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर श्री गौशाला के संत विश्राम गृह में शहर के विख्यात उद्योगपति लाभ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नेता जी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय संरक्षक सदस्य शाम लाल जिंदल गंगा, एआईएकेपीसी के राज्य प्रतिनिधि परमजीत कोचर, श्री ब्राह्मण सभा के सचिव मोहन लाल कौशिक ने मंच पर बोलते हुए कहा कि नेता जी सुभाष चंद्र बोस को युगों-युगों तक याद किया जाता रहेगा। उन द्वारा गुलाम भारत को आजाद करवाने के लिए समय-समय पर अलग-अलग ढंग से चलाए गए आंदोलन प्रत्येक भारतीय नागरिक को गुलामी से लड़ने का रास्ता दिखाते है।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश के राज्य अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, दीनबंधु सर छोटू राम के जीवन पर बोलते हुए कहा कि इन महान देश भक्तों के जीवन पर लिखी गई गाथाओं एवं रचनाओं को हमें जन-जन तक पहुंचाकर उन द्वारा किए गए संघर्ष का प्रचार करना भी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। क्योंकि इनके जीवन से प्रत्येक भारतीय नागरिक को देश भक्ति की प्रेरणा मिलती है। सिंगला ने कहा कि आज ही के दिन 23 जनवरी 2004 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सांसद नवीन जिंदल की याचिका पर प्रत्येक भारतीय नागरिक को व्यक्तिगत अपने निवास एवं प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने का अधिकार प्रदान किया गया था। उन्होंने इस अवसर पर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संस्थापक सांसद नवीन जिंदल द्वारा भेजे गए तिरंगा बैज भी वितरित किए। सभा के समापन पर कश्मीर के डोडा जिले में सेना का वाहन 200 फीट गहरी खाई में गिरने से शहीद हुए 10 सैनिकों को स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय संरक्षक सदस्य प्रीतम बांसल, प्रमुख समाजसेवी प्यारे लाल सेठी, श्री वैष्णो माता मंदिर प्रबंधक कमेटी के कोषाध्यक्ष राकेश जिंदल, श्री अग्रवाल महासभा के प्रतिनिधि यशपाल गर्ग, पूर्व पार्षद सीता राम सिंगला, रि. अधिकारी चंद्र प्रकाश जैन, सोमनाथ गर्ग, पंजाबी सभा के प्रतिनिधि टीकम जग्गा, गौभक्त राम गोपाल मित्तल, अमितराज मैहता एवं हैप्पी मोंगा उपस्थित थे।