फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। जनपद बरेली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चिटौली अंडरपास के पास से 33 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर नशा तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चिटौली अंडरपास के नीचे एक युवक अवैध स्मैक लेकर खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उ0नि0 अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 33 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम साहिल पुत्र मतलूम, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी मोहल्ला सराय वार्ड नंबर 15, कस्बा व थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली बताया।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना फतेहगंज पश्चिमी पर एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह स्मैक अज्ञात वाहन चालकों से कम दामों पर खरीदता था और फिर उसे हाईवे पर चलने वाले ट्रक और टैम्पू चालकों को अधिक दामों पर बेचकर अपने और अपने परिवार के खर्चे चलाता था। अभियुक्त द्वारा दी गई गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी गहनता से छानबीन कर रही है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में खलबली मच गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा और नशे के काले कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरिक्षक अनूप सिंह एवं हेड कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।बरेली पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते समाज को इस घातक जहर से बचाया जा सके।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली