दुद्धी /कोन सोनभद्र(विवेक सिंह)।
जिला मजिस्ट्रेट बद्रीनाथ सिंह ने विकासखंड कोन की ग्राम पंचायत रोरवा में विकास कार्यों की अनियमितताओं की शिकायत पर जांच के आदेश जारी किए हैं। ग्रामीणों की नजरें अब जांच समिति पर टिकी हुई हैं।
ग्राम प्रधान व प्रधान प्रतिनिधि पर प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, मनरेगा तथा लोक वित्त/राज्य वित्त के कार्यों में अनियमितता के आरोप लगे हैं। रोरवा निवासी प्रतीक कुमार पुत्र सम्पूर्णानंद गुप्ता और राजेश कुमार भाटिया पुत्र कैलाशनाथ ने 19 जनवरी 2026 व 18 दिसंबर 2025 को शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र देकर कार्यों की बिंदुवार जांच की मांग की थी।
डीएम ने उत्तर प्रदेश पंचायतराज अधिनियम 1947 (संशोधित 1994) की धारा-95(1) व पंचायतराज (प्रधानों आदि को हटाने) नियमावली 1997 के तहत जांच समिति गठित की है। इसमें जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सहायक अभियंता (ग्रामीण अभियंत्रण विभाग) व जिला लेखा परीक्षा अधिकारी (सहकारी समितियां एवं पंचायतें) शामिल हैं। नामित लेखा परीक्षक को संयुक्त जांच अधिकारी बनाया गया है।
जांच अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायत के हर बिंदु की स्थलीय, अभिलेखीय व तकनीकी जांच कर एक सप्ताह में स्पष्ट आख्या जिला पंचायतराज अधिकारी के कार्यालय में जमा करें। आख्या के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, प्रधान व प्रतिनिधि ने जमकर धन का बंदरबांट किया। अब देखना है कि जांच सख्ती से होगी या फाइलों में दब जाएगी।