दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के जाताजुआ गांव में शुक्रवार शाम करीब चार बजे घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय मासूम की बाइक से टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे का सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार जाताजुआ गांव के अशोक का तीन वर्षीय पुत्र पवन घर के बाहर खेल रहा था। तभी पकरी से महुली जा रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आ गईं और खून बहने लगा।
परिजनों ने तत्काल निजी साधन से मासूम को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। पिता अशोक ने बताया कि बच्चा बाहर खेल रहा था, अचानक बाइक ने टक्कर मार दी। हम घबरा गए और सीएचसी ले आए।बाइक सवार भागे नहीं, बल्कि परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बच्चे खेलते हैं, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए।