ज़ाकिर ज़ंकार : आहवा, डांग
ढाढ़रा गांव से एक आपातकालीन मामला मिलने पर 108 एम्बुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। 24 वर्षीय ईस्तरबेन अजयभाई खासिया को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर अस्पताल ले जाने के लिए रवाना किया गया।
इसी दौरान चिचीनागावठा गांव के पास महिला को अत्यधिक दर्द शुरू हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ई.एम.टी. प्रकाशभाई पटेल और पायलट सुभाषभाई राठोड़ ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सड़क किनारे रोककर सुरक्षित प्रसूति करवाई। महिला के गर्भ में जुड़वा शिशु होने के कारण स्थिति जोखिम भरी थी। दोनों नवजात शिशुओं के गले में गर्भनाल लिपटी हुई थी, बावजूद इसके टीम ने कुशलता से मां और बच्चों की जान बचाई।
अहमदाबाद हेड ऑफिस में उपस्थित डॉक्टर कृष्णा मैडम के मार्गदर्शन में आवश्यक इंजेक्शन, दवाइयां एवं ऑक्सीजन दी गई। इसके बाद मां और दोनों शिशुओं को आगे की प्राथमिक चिकित्सा हेतु नजदीकी सी.एच.सी. में भर्ती कराया गया।
सफल प्रसूति के बाद महिला के परिजनों ने 108 एम्बुलेंस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं 108 के ई.एम.ई. विजय गामित साहेब एवं पी.एम. हेमंत सोलंकी साहेब ने टीम को प्रोत्साहित करते हुए सराहना की।