पन्ना में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के घुमक्कड़ जनों का सफल आयोजन हुआ । इस कार्यक्रम में जहां बुंदेली संस्कृति, इतिहास और पर्यटन पर न केवल चर्चा हुई बल्कि इनके संरक्षण और प्रचार के लिए धरातल पर कार्य करने की भूमिका भी बनी ।
देश भर में घुमक्कड़ों के समूह ‘ घुमक्कड़ी दिल से ‘ द्वारा यह आयोजन किया गया था । पन्ना में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षक इस समूह के संयोजक है, उन्हीं के नेतृत्व में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के घुमक्कड़ों का यह आयोजन किया गया। इस आयोजन में पन्ना में पदस्थ जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य और पन्ना नगर पालिका के सीएमओ उमाशंकर मिश्रा का विशेष सहयोग रहा । मुकेश पाण्डेय ने बताया कि इस कार्यक्रम में सदस्यों का परिचय और साथ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में विस्तृत बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति, धरोहर, पर्यटन स्थल और साहित्य के संरक्षण और विकास के बारे आगंतुकों द्वारा न केवल चर्चा की गई बल्कि उसे सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ाने की बात कही गई ।
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट से आए घुमक्कड़ी के भीष्म पितामह के रूप में प्रसिद्ध प्रमोद बबेले जी ने अपनी कठिन हिमालयी यात्राओं के जिक्र के साथ बुंदेलखंड में भी पर्वतीय पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित किया। टीकमगढ़ से आए शिक्षाविद और पुराविद् रामगोपाल रैकवार ने बुंदेलखंड क्षेत्र में फैली महत्वपूर्ण पुरातत्व के महत्व और संरक्षण की बात कही। ओरछा से आए पर्यटन विशेषज्ञ हेमंत गोस्वामी ने बुंदेलखंड क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाओं पर चर्चा करते हुए इन्हें एक सर्किट के रूप में विकसित करने की बात कही। उत्तर प्रदेश के जिला बांदा के अतर्रा से आए सुरेंद्र सिंह और संजय सिंह ने सरकारी के साथ निजी प्रयासों से पर्यटन को बढ़ाने की बात कही। सागर नगर निगम के स्वच्छता के ब्रांड अंबेसडर प्रकृति प्रेमी महेश तिवारी ने पर्यटन में पर्यावरण की भूमिका पर बात की। पन्ना जिले में वन और वन्य जीवों की समृद्धि पर प्रसन्नता जताई । टीकमगढ़ से आए साहित्यकार प्रभु दयाल श्रीवास्तव पीयूष,विजय कुमार मेहरा, राजीव नामदेव राना लिधौरी मप्र साहित्य अकादमी से पुरस्कृत युवा साहित्यकार रविंद्र कुमार यादव ने समृद्ध बुंदेली साहित्य की चर्चा की । मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग से आए एसडीओ विवेक चौबे और प्रबंधक सुमित खापरडे ने पन्ना जिले के पर्यटन और विभाग की कार्ययोजना की बात रखी । बृहस्पति कुण्ड पर बनने वाले ग्लास ब्रिज के बारे में बताया। वन्य जीव विशेषज्ञ इंद्रभान सिंह बुंदेला ने पन्ना के पर्यटन और इतिहास पर विस्तार से बताया। पीटीआर में गाइड मनोज द्विवेदी ने पन्ना टाइगर रिजर्व के पर्यटन में योगदान को बताया । पर्यटन व्यवसायी कीर्तिवर्धन सिंह ने बुंदेलखंड में पर्यटन और बुंदेली संस्कृति में अपार संभावनाओं को गिनाया। इसके बाद देशी बुंदेली भोजन पत्तल दोना में पंगत में बैठकर भोजन किया । भोजन पश्चात जंगल भ्रमण करते हुए चलित काव्य गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव,कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा, आबकारी उपनिरीक्षक विक्रांत जैन, प्रधान आरक्षक वृषकेतु रावत, धर्मेंद्र वाजपेई आदि की सक्रिय भूमिका रही।
संवाददाता मानस अवस्थी रिपोर्ट