सहारनपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के कुशल मार्गदर्शन और अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत थाना सदर बाजार पुलिस ने एटीएम लूट की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया है। थाना प्रभारी कपिल देव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके से चार शातिर चोरों को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे एटीएम मशीन का पासवर्ड डालकर उसमें मौजूद 19 लाख रुपये की नकदी उड़ाने के बेहद करीब थे। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने वारदात से पहले एटीएम की रेकी की थी और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने की पूरी योजना बना ली थी। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, .22 बोर के चार जिंदा कारतूस, दो पेंचकस, एक चाकू, दो मोबाइल फोन और एक स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। इस सफल ऑपरेशन का अनावरण एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ-2 मनोज कुमार यादव ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान किया। पुलिस की इस मुस्तैदी ने न केवल एक बड़ी वारदात को होने से रोका, बल्कि अपराधियों को यह कड़ा संदेश भी दिया है कि सहारनपुर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़