सहारनपुर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन सिंह के निर्देशन मे अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25,000 रुपये का इनामी अपराधी महताब घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। बीती रात सुनील नागर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात और उपनिरीक्षक बलराम सिंह की टीम देवला-सरकड़ी खुमार मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। बदमाशों ने भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में महताब के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 01 तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा व 01 खोखा कारतूस सहित, 01 सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पकड़ा गया महताब पुत्र इरशाद, सलेमपुर भुकड़ी का निवासी और थाना कोतवाली देहात का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर लूट, चोरी, हत्या और नकबजनी जैसे लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फरार साथी की तलाश के लिए पुलिस द्वारा कॉम्बिंग की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़