उरई(जालौन):
राजकीय इंटर कॉलेज, उरई के विशाल मैदान में झांसी मंडल की 36वीं मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में झांसी मंडल के तीनों जनपदों—झांसी, ललितपुर और जालौन—के कुल 530 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें झांसी के 170, ललितपुर के 165 और मेजबान जालौन के 195 प्रतिभागी शामिल हैं। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह, दर्शकों की तालियां और अनुशासित मार्चपास्ट ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम अनुरागी, अध्यक्ष जिला पंचायत द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, एडी बेसिक संतोष कुमार पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश सहित शिक्षा एवं प्रशासनिक विभाग के अनेक अधिकारी जनप्रतिनिधि, शिक्षक और खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम अनुरागी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में संघर्ष, संयम और समर्पण की भावना विकसित करते हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना और प्रयास ही सच्ची उपलब्धि है।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेलकूद से शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने प्रतिभागियों से पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश ने स्वागत भाषण में कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों में अनुशासन नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है तथा मंडल स्तर की यह प्रतियोगिता प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है।प्रतियोगिता के प्रथम दिवस एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। उच्च प्राथमिक वर्ग की 100 मीटर बालक दौड़ में ललितपुर के सुमित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि झांसी के राज प्रताप सिंह द्वितीय रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अंजलि (ललितपुर) प्रथम और मोहिनी (झांसी) द्वितीय रहीं। 200 मीटर बालक दौड़ में भी सुमित ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जालौन के आकाश दूसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद बालक वर्ग में जालौन के साहिल ने बाजी मारी और बालिका वर्ग में अंजलि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक वर्ग की स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। 50 मीटर बालक दौड़ में बालमुकुंद (ललितपुर) प्रथम रहे, जबकि 50 मीटर बालिका दौड़ में भाग्यश्री (ललितपुर) ने पहला स्थान प्राप्त किया। 100 और 200 मीटर दौड़ में भी ललितपुर एवं झांसी के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला, वहीं 200 मीटर बालिका वर्ग में जालौन की आराधना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मेजबान जनपद का मान बढ़ाया। लंबी कूद बालक वर्ग में अनिल पाल (ललितपुर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। मेजबान जनपद जालौन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सभी अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम का संचालन मोहित गुप्ता (एआरपी, डकोर) एवं डॉ. कल्पना श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में अन्य खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मंडल के उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश