दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
अधिवक्ताओं पर लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के विरोध में दुद्धी बार एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम (अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट) लागू करने की तत्काल मांग की है। पत्र उपजिलाधिकारी दुद्धी को संबोधित करते हुए सीएम को प्रेषित किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने दोपहर लगभग दो बजे कचहरी परिषद से जुलूस निकालकर संकट मोचन मंदिर तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे। वापस लौटकर तहसील गेट तिराहे पर एकत्रित होकर उन्होंने घंटे भर सड़क जाम कर दिया। इसके बाद उपजिलाधिकारी दुद्धी को ज्ञापन सौंपा गया।
पत्र में उल्लेख है कि 11 फरवरी 2026 को दोपहर 1:15 बजे रामपुर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता फारुख अहमद खान की जिला पंचायत कार्यालय/किशोर न्यायालय पर गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। उसी दिन उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की पूर्व सदस्य मधुलिका यादव के साथ एक वाहन चालक ने अभद्र व्यवहार किया, जिसकी एसोसिएशन ने कड़ी निंदा की। इस घटना से समस्त अधिवक्ता समुदाय मर्माहत और आक्रोशित है।
आज सभी अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से विरत रहे। दुद्धी बार एसोसिएशन, सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी और रामपुर बार एसोसिएशन ने एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन किया। एसोसिएशन का कहना है कि अधिवक्ताओं पर बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, इसलिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना अत्यंत आवश्यक है।
जुलूस सिविल बार एसोसिएशन दुद्धी अध्यक्ष और एल्डर कमेटी के चेयरमैन प्रेमचंद जायसवाल एडवोकेट के नेतृत्व में निकाला गया। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से तत्काल कार्रवाई की अपील की है।
इस मौके पर दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेमचंद यादव ,सिविल बार अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा, कुलभूषण पांडे ,रामपाल जौहरी, जितेंद्र श्रीवास्तव ,सत्यनारायण यादव ,राकेश गुप्त सचिव, दिनेश कुमार, प्रेमचंद गुप्ता ,संजय कनौजिया ,सन्नो बानो ,उमेश चंद ,सुख सागर यादव ,पवन कुमार ,सरवर हुसैन सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।