रिपोर्ट : जाकिर झंकार आहवा
आगामी डांग दरबार –2026 को लेकर आहवा के स्थानीय व्यापारियों ने स्टॉल किराया दरों तथा बिजली बिल के नियमों में संशोधन की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान किराया दरें और बिजली से जुड़े नियम छोटे एवं स्थानीय व्यापारियों के लिए आर्थिक रूप से बोझिल साबित हो रहे हैं।
व्यापारियों ने बताया कि आहवा ग्राम पंचायत द्वारा दिनांक 23/01/2026 को आयोजित ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर स्थानीय व्यापारियों के लिए ₹2,000 तथा बाहरी व्यापारियों के लिए ₹3,000 स्टॉल किराया निर्धारित किया गया है। व्यापारियों ने मांग की है कि इस लोकतांत्रिक निर्णय को डांग दरबार के दौरान प्लॉट आवंटन में लागू किया जाए।
साथ ही बिजली बिल के नियमों में भी व्यावहारिक संशोधन कर व्यापारियों पर आर्थिक भार कम करने तथा जिन स्थानीय व्यापारियों को आवश्यकता न हो, उन्हें बिजली कनेक्शन लेने के लिए बाध्य न करने की मांग की गई है।
व्यापारियों का मानना है कि यदि किराया दरें उचित और ग्राम पंचायत के प्रस्तावानुसार निर्धारित की जाएंगी, तो डांग जिले के स्थानीय आदिवासी एवं छोटे व्यापारियों को अधिक अवसर मिलेगा और उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
व्यापारियों ने संबंधित अधिकारियों से इस विषय में सकारात्मक निर्णय लेने तथा की गई कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की है।