दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी जंगल में सोमवार सुबह कच्चे घर की मरम्मत और पोताई के लिए मिट्टी खोद रही पांच महिलाओं पर मिट्टी का ढेर गिर पड़ा। बचाव कार्य में तीन महिलाओं के शव बरामद हुए, जबकि दो को चमत्कारिक रूप से सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किरवानी गांव से महज दो किमी की दूरी पर तड़के सुबह आगामी त्यौहार को देखते हुए महिलाएं बच्चे अपने-अपने घरों के पोताई-मरम्मत कार्य हेतु मिट्टी लेने गई थी।घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई गई ।किरवानी गांव की सदिकुन निशा (35), अनीषा खातून (28), सीता (40), फूलकुमारी (32) और निज्मु निशा (30) मिट्टी निकाल रही थीं।
बताया गया कि सुरंगनुमा गड्ढे से खुदाई के दौरान मिट्टी की ढेर की ऊपरी सतह कमजोर पड़ गई, जिससे वे 10-12 फीट गढ्ढे में लगभग 6 महिलाएं दब गईं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम दुद्धी निखिल यादव, सीओ दुद्धी राजेश कुमार राय और थाना प्रभारी म्योरपुर की टीमें जेसीबी व मजदूरों के साथ मौके पर पहुंचीं। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सदिकुन निशा, अनीषा खातून व सीता के शव बरामद किए गए। घायल फूलकुमारी व निज्मु निशा को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लगभग पूर्ण हो चुका है। पांचों महिलाओं में से दो को समय रहते बचा लिया गया, जबकि शेष तीन के शव मिल गए हैं। मामले की जांच चल रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
घटना से किरवानी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक परिजनों में मातम पसर गया है।