कौशिक नगर – कोलकाता
पुलिस बंगाल में एक ओर SIR की सुनवाई चल रही है और नये वोटर लिस्ट का लोगों को इंतजार है तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में वोटर आईडी कार्ड कचरे से बरामद हो रहे हैं. मामला बंगाल के आसनसोल का है. आसनसोल के रानीगंज इलाके के चिनकुटी मोड़ के पास एक कचरे के ढेर में बहुत सारे वोटर कार्ड मिले हैं. इस घटना से इलाके में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गयी है. कोई इसे प्रशासनिक गड़बड़ी बता रहा है तो कोई इसे राजनीतिक दलों की कारगुजारी कह रहा है. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वोटर कार्ड जब्त कर लिया है. मामले की जांच चल रही है. मामले के संबंध में बताया जाता है कि स्थानीय युवक स्टेशन से घर लौट रहा था. तभी उसके भाई ने फोन करके बताया कि उसका वोटर कार्ड कचरे में पड़ा हुआ है. जब वह मौके पर पहुंचा, तो उसने देखा कि वाकई उसके नाम का वोटर कार्ड वहां पड़ा था. हालांकि, लड़के का दावा है कि उसका वोटर कार्ड घर पर सुरक्षित है और उसने इसे किसी को इस्तेमाल के लिए नहीं दिया है. कचरे में मिला वोटर कोर्ड असली नहीं है. वोटर कार्ड को देखने से जरूर यह असली कार्ड जैसा ही दिख रहा है. किसने क्यों और कब इसे कचरे में फेंका है, इसकी अब तक जानकारी नहीं मिल पायी है. बताया है. चुनाव के माहौल के बीच इस घटना ने सबको चौंका दिया है. स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि यह किसी राजनीतिक कार्यकर्ता की कारगुजारी भी हो सकती है. बहरहाल, पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.