मधुबनी | रिपोर्ट – Ishwar kumar Jha
मधुबनी जिले में अवैध हथियार के साथ वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मधुबनी के निर्देश पर अंधराठाढ़ी थाना पुलिस ने महज 4 घंटे के अंदर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 को सुबह करीब 10 बजे दो युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे अवैध हथियार लहराते नजर आ रहे थे। वीडियो की सूचना मिलते ही मधुबनी पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान नीरज कुमार चौधरी और राहुल कुमार चौधरी, निवासी सिरौल, थाना अंधराठाढ़ी, जिला मधुबनी के रूप में की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर गंगहर डाला के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गांव में हथियार दिखाकर लोगों में डर और दहशत फैलाने का काम करते थे। यह वीडियो सरस्वती पूजा विसर्जन के समय का बताया जा रहा है।इस मामले में अंधराठाढ़ी थाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
मधुबनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।