फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल बरेली भिजवाया।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के थाना कटरा क्षेत्र के गांव जैतीपुर निवासी कविता (40) अपने पति राजकुमार और परिवार के साथ दिल्ली के जसोला क्षेत्र में रहकर मजदूरी करती थीं। परिजनों के मुताबिक वह अपने भतीजे सुनील के साथ बाइक से दिल्ली से अपने गांव लौट रही थीं।
बताया जाता है कि बुधवार सुबह फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में धनेटा फाटक के पास एक होटल पर चाय पीने के बाद दोनों आगे बढ़े ही थे कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला कविता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा भतीजा सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल सुनील को एंबुलेंस से बरेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृतका के देवर अंकुर ने दावा किया है कि कविता अपने साथ बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये और सोने की चेन लेकर आ रही थीं, जो घटना के बाद नहीं मिले हैं। हालांकि थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली