राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। होली पर्व के दूसरे दिन शहर के माधव नगर थाना क्षेत्र के बंगला लाइन कैंप में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश के कारण हिंसक झड़प की खबर सामने आ रही है। इस झड़प के बीच पुरानी रंजिश ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दनादन देसी बम फेंक दिए, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बम धमाकों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना में महिला, पुरुष और नाबालिग बच्चों सहित करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने कहा कि बांग्ला लाइन स्थित दो समुदायों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। आज इसी पुराने विवाद के कारण दोपहर लगभग 3:30 बजे दोनों पक्ष आपस में टकरा गए, मारपीट के बीच देसी बम भी फेके गए हैं। घायलों में महिला और नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।