दुद्धी सोनभद्र( विवेक सिंह)।
राष्ट्र स्तरीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था मधुरिमा साहित्य गोष्ठी द्वारा घोषित स्वर्गीय निरंजन जालान स्मृति साहित्यमणि सम्मान शुक्रवार को वरिष्ठ साहित्यकार अजय शेखर के जनपद मुख्यालय स्थित आवास पर प्रदान किया गया। दुद्धी के प्रसिद्ध साहित्यकार एवं वरिष्ठ चिकित्सक, जाने-माने साहित्यकार डॉ. लवकुश प्रजापति को उनके चर्चित उपन्यास ‘सोनभद्र की फूलमती’ के माध्यम से साहित्य जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं 21 हजार रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार पारस नाथ मिश्रा ने की तथा संचालन गीतकार जगदीश पंथी ने किया। संस्था निदेशक अजय शेखर, जगदीश पंथी एवं फरीद अहमद ने संयुक्त रूप से डॉ. प्रजापति को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें साहित्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन दास केसरी ने कहा कि स्वर्गीय निरंजन जालान के नाम पर यह सम्मान गुरु ऋण चुकाने का सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम में सुशील श्रीवास्तव राही, कृष्ण मुरारी गुप्ता, आलोक चतुर्वेदी, अब्दुल हई, ईश्वर विरागी, दिवाकर द्विवेदी मेघ, रामप्रसाद यादव, रामचंद्र देव पांडेय, राजेंद्र प्रसाद, जयराम सोनी, कृपाशंकर दूबे आदि उपस्थित रहे।
उधर, सम्मान प्राप्ति पर दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, कुलभूषण पांडे, रामेश्वर राय, डॉ. संजय, जगदीश्वर प्रसाद जायसवाल, प्रभु सिंह कुशवाहा, प्रेमचंद यादव, विंध्यवासिनी प्रसाद जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीयजनों ने डॉ. प्रजापति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान दुद्धी क्षेत्र सहित पूरे जिले की सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत करने वाले साहित्यकार के योगदान का सम्मान है।