फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। थाना क्षेत्र के पनवड़िया गांव के पास बेगुल और भाखड़ा नदी के संगम में नहाने गए चार बच्चों में से डूबे एक मासूम का शव दूसरे दिन सोमवार को एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक गांव रहपुरा जागीर निवासी प्रवीन कुमार (12) अपने साथियों दीपक, बॉबी और विपिन के साथ रविवार को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पनवड़िया के पास बेगुल और भाखड़ा नदी के संगम पर नहाने गया था। दोपहर करीब तीन बजे चारों बच्चे नदी में उतरे तो अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और नदी में कूदकर दीपक, उसके भाई विपिन और बॉबी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि प्रवीन कुमार तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी देर तक तलाश कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीएम मीरगंज आलोक कुमार के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने देर रात तक सर्च अभियान चलाया, मगर प्रवीन का पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह फिर से शुरू किए गए सर्च अभियान के दौरान करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने घटना स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर नदी से प्रवीन कुमार का शव बरामद कर लिया।
बताया जाता है कि प्रवीन के पिता नन्हे लाल के पांच बच्चों में वह सबसे छोटा था। बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया है। मां ऊषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली