फतेहगंज पश्चिमी, बरेली ।नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता को शिकायती पत्र भेजकर नगर पंचायत निधि के कथित गबन और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार करीब साढ़े तीन महीने पहले अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक व्यापारी की दुकान तोड़े जाने को लेकर भाजपा नेता आशीष अग्रवाल और ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर के बीच तीखा विवाद हो गया था। मामले में ईओ की तहरीर पर आशीष अग्रवाल के खिलाफ थाना में रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी।
इस घटना के बाद आशीष अग्रवाल ने मुख्यमंत्री समेत उच्च अधिकारियों से शिकायत कर ईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम प्रशासन एवं न्यायिक और एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल की और अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी थी।
भाजपा नेता का आरोप है कि अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते उन्होंने दोबारा मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता को शिकायती पत्र देकर नगर पंचायत निधि के कथित गबन और आय से अधिक संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ बदले की भावना से झूठी शिकायत की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सच्चाई सामने आने पर आरोप लगाने वाले स्वयं बैकफुट पर नजर आएंगे।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली