दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 स्थित दुद्धीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 के पूर्वी छोर पर सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 77/51 व 77/53 के बीच मिला। सूचना फैलते ही आसपास के लोग जुट गए। स्थानीय निवासियों ने इसकी जानकारी आरपीएफ अधिकारी राम सदन यादव को दी, जिन्होंने स्टेशन अधीक्षक को सूचित किया।
सूचना मिलते ही सुबह करीब 8 बजे जीआरपी पुलिस के उपनिरीक्षक श्रीकांत मौर्य घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लिया और पहचान का प्रयास किया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की आयु लगभग 50 वर्ष, चेहरा गोल आकार का, नीले रंग का चश्मा व नारंगी रंग के चप्पल पहने हुए थे। उनके पास कोई कागजात नहीं मिले, जबकि मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।
आरपीएफ अधिकारी राम सदन यादव ने बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे अप दिशा में जा रहे रेल इंजन चालक ने स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी कि ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। इसके बाद जीआरपी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज भेज दिया है। पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में मामले की गहन जांच कर रही है।