सहारनपुर। जनकपुरी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी ने पिछले साल देहरादून से बाइक चोरी कर उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी और काफी समय से उसे चला रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देश पर जनपद में वाहन चोरी व अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जनकपुरी पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 13 मार्च को जिला अस्पताल के पीछे पंप के पास से पुलिस ने बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव शब्बीरपुर निवासी सन्नी पुत्र अनिल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस डीलक्स (नंबर UK17U7149) बरामद हुई। जांच में पता चला कि यह बाइक देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसका मुकदमा वहां पहले से दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जुलाई 2025 में देहरादून से बाइक चोरी की थी और पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना जनकपुरी में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सन्नी के खिलाफ पहले भी मारपीट समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़